कश्मीर में एक बार फिर एक माँ ने अपने बटे से हिंसा का रास्ता छोड़ कर वापस आने की अपील की। बता दें कि श्रीनगर के पुराने शहर खान्यार का रहने वाला फैद मुश्ताक वजा की तस्वीर सोशल मीडिया पर एके-47 राइफल के साथ वायरल हुई थी।
जिसके बाद पता चला कि वो आतंकी बन गया है। फैद की उम्र अभी सिर्फ 18 साल की है। बुधवार को उसकी माँ और परिवार के अन्य सदस्य श्रीनगर की प्रेस कॉलोनी पहुंचे जहाँ उन्होंने उससे वापस आने की अपील की।
फैद की माँ मईमन ने कहा कि उसने बोला था कि वह जमात के साथ जा रहा है और वापस तीन दिनों में आने का वादा किया था। उसकी माँ ने बताया कि उसने मुझसे पूरी जिंदगी में कभी झूठ नहीं बोला था लेकिन उस दिन उसने मुझसे झूठ बोला था।
गौरतलब है कि बेटे के आतंकी बनने की गम में बेबस और लाचार मां का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। लगातार वो बस एक ही रट लगा रही है कि खुदा के लिए घर लौट आओ, पहले मुझे मिटटी में डालो फिर चले जाना।
परिवार के एक सदस्य के मुताबिक हमें उसके हिज्ब आतंकी बनने की खबर सोशल मीडिया से पता चली थी। उन्होंने बताया कि वो पछले साल 10वी की परीक्षा में फेल हुआ था और उसके बाद से पढ़ाई में भी उसका रुझान बहुत कम दिखाई दे रहा था।
लेकिन हमें यह नहीं पता था कि वो इतना बड़ा कदम उठाते हुए आतंकवाद का रास्ता अपनाएगा। सीआरपीएफ़ के प्रवक्ता राजेश यादव ने कहा कि स्थानीय युवाओं का आतंकवाद में शामिल होना एक बड़ी चिंता का विषय है। हम कोशिश में है कि ऐसे युवा वापस लौटे मगर पहल परिवार को ही करनी होगी।