बाणगंगा में देसी व विदेशी फूलों से सजाया मां का दरबार
चैत्र नवरात्र पर मां वैष्णो देवी के दरबार के साथ-साथ बाणगंगा में देसी विदेशी फूलों के साथ मां वैष्णो देवी का दरबार सजाया गया है। कारीगर ने बताया कि पिछले कई वर्षों से लगातार नवरात्र पर मां वैष्णो देवी के भवन को फूलों के साथ सजाया जाता है। वहीं मां वैष्णो देवी के दरबार को इस बार संसार लाइटों के माध्यम से भी सजाया गया है।
कटड़ा: माता वैष्णो देवी
- फोटो : संवाद
ये सुविधाएं मिलेंगी निशुल्क
चैत्र नवरात्र में मां वैष्णो देवी के दर्शन को आने वाले दिव्यांग श्रद्धालुओं को श्राइन बोर्ड की ओर से घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की निशुल्क सेवा अर्धकुंवारी मंदिर क्षेत्र तक उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके बाद मां वैष्णो देवी भवन आने जाने को लेकर बैटरी कार भी निशुल्क उपलब्ध होगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं को मां वैष्णो देवी के विशेष दिव्य दर्शन करने का अवसर प्राप्त होगा और साथ ही श्राइन बोर्ड इन्हें निशुल्क भोजन भी उपलब्ध करवाएगा।
नौ दिन श्रीधर चौक में होगी मां की पूजा अर्चना
नवरात्र पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए धर्मनगरी तैयार है। यहां विभिन्न मार्गों पर स्वागतद्वारों का निर्माण पूरा हो चुका है। वही विभिन्न स्थानों पर प्राकृतिक फूलों से सजावट का कार्य आखिरी चरण पर है। धर्मनगरी में होने वाली दुर्गा पूजा के लिए पंडाल की स्थापना कर दी गई है। चैत्र नवरात्र में धर्मनगरी सहित सभी मार्गों पर प्रवेशद्वार तैयार कर दिए गए हैं। दुर्गा पूजा समिति ने दुर्गा पूजा का पंडाल तैयार किया है।
दुर्गा पूजा समिति ढोल नगाड़ों और बैंड बाजे के साथ भूमिका मंदिर से ज्योति प्रजलित कर रघुनाथ मंदिर से होते हुए मुख्य बाजार से पंडाल में प्रज्वलित की जाएगी। इसमें आज से मां वैष्णो, मां काली और मां सरस्वती सहित गणेश की मूर्तियां स्थापित की जाएगी । इनकी नौ दिन पूजा अर्चना के साथ ही सुबह शाम आरती होगी। वहीं इस मौके पर दुर्गा पूजा समिति के सदस्य दीपक परोच, विनय हीरा, शंकर डोगरा, राजू पराशर सहित अन्य सदस्य नौ दिन पंडाल में मौजूद रहेंगे।