कश्मीर घाटी में वीरवार को भी छिटपुट हिंसा जारी रही। गांदरबल, पुलवामा, शोपिया, कुपवाड़ा बांदीपोरा, सोपोर में सुरक्षा बलों पर पथराव की घटनाएं हुईं। इस बीच पुलिस ने श्रीनगर के नटीपोरा में बुधवार को जेके बैंक में तोड़फोड़ के आरोप में दो उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।
मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में श्रीनगर लेह हाईवे पर चेरवान गांव के पास सुरक्षा बलों पर पथराव की घटना के बाद हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए। सुरक्षा बलों को पथराव कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। सोपोर के ब्राथ इलाके में भी प्रदर्शन हुए।
उधर, पुलिस ने जेके बैंक में तोड़फोड़ के आरोप में छानपोरा के इमरान मीर और शफात आशिक नजर को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार वीरवार को सोपोर के अलावा अन्य किसी स्थान पर अप्रिय घटना की खबर नहीं है।
उधर, श्रीनगर तथा आस पास के इलाकों में रोज की अपेक्षा सड़कों पर अधिक वाहन नजर आए। लाल चौक, सिविल लाइन तथा आस पास के इलाकों में निजी वाहन तथा आटो रिक्शा अधिक संख्या में दौड़ते नजर आए। हालांकि, दुकानें तथा अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। स्कूल कालेज भी बंद हैं।