जम्मू-कश्मीर सरकार ने श्रीनगर के प्रेस एंक्लेव में स्थित कश्मीर टाइम्स के दफ्तर को सील कर दिया है। यह कार्रवाई सोमवार को की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई पर अखबार की मालिक ने हैरानी जताई और कहा कि श्रीनगर में हमारे कार्यालय को बंद कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि दफ्तर को सील करने के दौरान किसी भी तरह की कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। हमें कोई भी नोटिस नहीं दिया गया। यहां तक कि दफ्तर का अलॉटमेंट भी रद्द नहीं किया गया और न ही बेदखली की कोई प्रक्रिया की गई।
बता दें कि कश्मीर टाइम्स का मुख्यालय जम्मू में है। यह दैनिक अखबार अंग्रेजी और केंद्र शासित प्रदेश की स्थानीय भाषा, दोनों में प्रकाशित होता है। सोमवार को अचानक दफ्तर सील होने से इसका प्रकाशन नहीं हो सका। इससे पहले कश्मीर टाइम्स की संपादक और मालिक अनुराधा भसीन जमवाल का जम्मू स्थित घर भी सरकार ने खाली करा लिया था।