रियासी। ओपन एयर थियेटर में रामलीला का मंचन जारी है। मंगलवार रात को ताड़का वध के दृश्य का मंचन किया गया। इस दौरान कोविड-19 के दिशानिर्देशों का पालन किया गया। ताड़का बने सोनू गुजारती के जोरदार ठहाकों से दर्शकों में शामिल बच्चे भयभीत हुए। इसके बाद राक्षसों ने गुरु विश्वामित्र की तपस्या को भंग किया तो वह उनके संहार के लिए राम-लक्षमण को अयोध्या से लाए। जंगल में राम लक्षमण ने कई राक्षसों के साथ ही ताड़का का भी सर्वनाश किया। दृश्य में ताड़का जब दर्शकों के बीच घुसी तो वह भयभीत हो उठे। मंगलवार को रामलीला की शुरुआत श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान नंद किशोर ने की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कोरोना के बावजूद रामलीला की परंपरा को बनाए रखना बहुत मुश्किल है। इस के बाद स्कंद माता की झांकी निकाली गई, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। इस अवसर पर श्री दुर्गा नाटक मंडली के प्रधान संजीव खजूरिया भी मौजूद रहे।