कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है, जबकि दो जवान घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों तरफ से फायरिंग हो रही है।
बता दें कि सुरक्षाबलों को जिले के कनिगम इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों ने खुद को घिरा देख सुरक्षाबलों पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई।
अभी तक एक आतंकी के मारे जाने की खबर है। जबकि सेना के दो जवान घायल हो गए हैं। उधर, जम्मू-कश्मीर के त्राल में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सैयदाबाद इलाके से आतंकियों के एक मददगार को पकड़ा है। पिछले तीन दिनों में सुरक्षाबलों ने आतंकियों के 11 मददगारों को गिरफ्तार किया है।
त्राल के गांव सैयदाबाद में तलाशी के दौरान आमिर अशरफ खान पुत्र मोहम्मद अशरफ खान निवासी सैयदाबाद पस्तूना को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। उसके कब्जे से एक चीनी हथगोला बरामद किया गया। पुलिस थाना त्राल में उक्त आतंकी सहयोगी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस ऑपरेशन को अवंतीपोरा पुलिस, 42 आरआर और सीआरपीएफ की 180वीं बटालियन ने अंजाम दिया है। इससे पहले गुरुवार को अल-बदर के चार, बुधवार को जैश के छह मददगार गिरफ्तार किए गए थे।
यह भी पढ़ेंः निर्भीकता और स्पष्टवादिता खतरे से खाली नहीं... पढ़िए सियासत पर वाजपेयी के 'अटल शब्द'