नई दिल्ली/जम्मू। न्यायाधीश अली मोहम्मद माग्रे जम्मू-कश्मीर व लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए गए हैं। 30 सितंबर 2022 को सुप्रीम कोर्ट ने माग्रे को उक्त पद के लिए नियुक्त करने की सिफारिश की थी। मंगलवार को केंद्रीय न्याय विधि मंत्रालय की ओर से उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया गया। वहीं, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्य न्यायाधीश पंकज मित्थल का तबादला राजस्थान हाईकोर्ट में किया गया है।
माग्रे कुलगाम जिले के गांव हाजीपोरा के रहने वाले हैं। आदेश के अनुसार जिस दिन वह ज्वाइन करेंगे, उसी दिन उनकी नियुक्ति को माना जाएगा। माग्रे को सात मार्च 2013 को जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट के स्थायी जज के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्होंने हाजीपोरा मट्टू में प्राथमिक शिक्षा हासिल की और कश्मीर विवि से स्नातक की डिग्री के बाद एलएलबी की। साल 1984 में बतौर वकील जिला कोर्ट व ट्रिब्युनल के साथ हाईकोर्ट में अपनी प्रेक्टिस शुरू की। 1986 से वह स्टेट फाइनांशियल कारपोरेशन, जम्मू-कश्मीर बैंक, सिडको, शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, पीडीडी, सर्विस सिलेक्शन बोर्ड और वक्फ बोर्ड के सरकारी वकील रहे। फरवरी 2003 में वह जम्मू-कश्मीर के एडिशनल एडवोकेट जनरल नियुक्त हुए। उन्हें जीएडी, स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग, सर्विस सिलेक्शन बोर्ड, पीएससी, एस्टेट विभाग व विजिलेंस आर्गेनाइजेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई। वर्ष 2009 में उन्हें सीनियर एडिशनल एडवोकेट जनरल के पद पर नियुक्त किया गया।