बिश्नाह। पुलिस ने सात अक्तूबर को क्षेत्र के थाना अंतर्गत गांव चगड़ा से लापता छात्र को गुुरुग्राम से पकड़ा है। वह आर्मी स्कूल कालूचक में पढ़ता है। जब वह घर वापस लौटा तो परिजनों ने उसके लापता होने का मामला थाने में दर्ज कराया।
छात्र की मां अनुज सैनी पत्नी बोधराज गांव चगडा ने पुलिस को बताया कि वह घर से पढ़ने के लिए आर्मी स्कूल कालूचक गया था, परंतु वापस नहीं आया। उन्होंने उसे हर जगह तलाशा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका बेटा आर्यन सैनी (17) लापता हो गया है। उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करनी शुरू कर दी, परंतु स्विच ऑफ पाया गया। जैसे ही बीते रोज छात्र ने मोबाइल में दूसरा सिम कार्ड डाला, पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली, जो गुरुग्राम में पाई गई, जिसके बाद थाना प्रभारी विशाल शर्मा द्वारा एक टीम गठित की गई, जिसे गुरुग्राम भेजा गया, जिसके बाद पुलिस के सहयोग से आर्यन सैनी को, जो कि एक दुकान पर काम कर रहा था, पकड़ लिया। मंगलवार देर शाम तक छात्र पुलिस के पास पहुंच जाएगा, जिसके बाद उसे उसके परिजनों को सौंपा जाएगा। आर्यन के मिल जाने पर परिवार ने राहत की सांस ली है।