निर्माणाधीन इमारत का निरीक्षण करते मुख्य न्यायाधीश रबिस्तान। संवाद
- फोटो : akhnoor
अखनूर। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ताशी रबिस्तान ने मंगलवार को अखनूर की मुंसिफ कोर्ट का दौरा कर निर्माणाधीन नए कोर्ट कॉम्प्लेक्स की प्रगति का जायजा लिया।
उन्होंने परियोजना में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए ठेकेदार और संबंधित विभाग को दो फरवरी तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुंसिफ, जेएमआईसी अखनूर की न्यायाधीश आरुषि शुक्ला ने मुख्य न्यायाधीश को भवन निर्माण की प्रगति और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और ठेकेदार उपस्थित रहे। उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति और आगे की योजना का विवरण प्रस्तुत किया।
मुख्य न्यायाधीश ने ठेकेदार को चेतावनी दी कि यदि काम तय समय सीमा में पूरा नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि न्यायपालिका के कामकाज को सुचारु और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक और सुव्यवस्थित भवनों की आवश्यकता है। संवाद