टेराजीआईएस बनाने वाले छात्र आदिल महाजन, तविशी अमला और गौरव स्रोत - विवि
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के तीन छात्रों ने क्लासरूम में आए आइडिया को ऐसा स्टार्टअप बना दिया जिसकी पहुंच अब दुनिया के 240 से ज्यादा देशों तक हो गई है। डिजाइन योर डिग्री कार्यक्रम के छात्रों ने मिलकर टेराजीआईएस नाम का जीआईएस सॉफ्टवेयर तैयार किया है। लॉन्च के सिर्फ दो दिन में 30 से ज्यादा लोगों ने इंस्टॉल कर लिया है।
स्टार्टअप को बीटेक तीसरे वर्ष के छात्र आदिल महाजन, तविशी अमला और गौरव ने शुरू किया। उनका कहना है कि बाजार में ज्यादातर जीआईएस सॉफ्टवेयर महंगे और इस्तेमाल में कठिन हैं। इसी वजह से सॉफ्टवेयर बनाने का फैसला किया जिसे छात्र, शोधकर्ता और पेशेवर आसानी से इस्तेमाल कर सकें। टेराजीआईएस की शुरुआत एआई और मशीन लर्निंग हैकाथॉन से हुई थी। प्रतियोगिता के दौरान मिले आइडिया को आगे बढ़ाया और लगातार मेहनत के बाद स्टार्टअप का रूप दे दिया। यह सॉफ्टवेयर विंडोज यूजर्स के लिए तैयार किया गया है जिसमें मैपिंग, ड्रोन सर्वे, डेटा विश्लेषण और डिजिटल मैप तैयार करने जैसी सुविधाएं हैं। कुलपति प्रो. उमेश राय ने छात्रों की उपलब्धि की सराहना की।