जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय का सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) सत्र 2026-27 के लिए जल्द दाखिला प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। छात्र घर बैठे ऑनलाइन और डिस्टेंस मोड में यूजी, पीजी, डिप्लोमा, प्रोफेशनल और सर्टिफिकेट कोर्स कर सकेंगे।
विवि की ओर से जारी सूचना के मुताबिक यूजी स्तर पर बीए और बीकॉम में दाखिले होंगे। पीजी कोर्स में अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू, डोगरी, पंजाबी, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, कॉमर्स, शिक्षा और इतिहास जैसे विषय शामिल रहेंगे। सीडीओई की ओर से ऑनलाइन मोड में अंग्रेजी और कॉमर्स में मास्टर्स की सुविधा भी दी जाएगी। नौकरी कर रहे शिक्षकों के लिए बीएड कोर्स उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा जीएसटी व इनकम टैक्स रिटर्न ई-फाइलिंग जैसे सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू किए जाएंगे।
विवि का कहना है कि यह व्यवस्था खासतौर पर नौकरी करने वाले लोगों, दूरदराज के इलाकों में रहने वाले छात्रों और नियमित कॉलेज नहीं जा पाने वाले युवाओं के लिए फायदेमंद होगी। सीडीओई ने कम फीस, सुविधा के अनुसार पढ़ाई, अतिरिक्त आईटी स्किल कोर्स, लगातार अकादमिक सहायता और जॉब फेयर के जरिये रोजगार के अवसर देने का भी दावा किया है।