युवा सेवा एवं खेल विभाग जम्मू की ओर से करवाई गई पुरुष वर्ग की अंतर स्कूल स्वीमिंग प्रतियोगिता में युवा तैराकों ने जोश दिखाया। उन्होंने दिखाया कि अगर उन्हें प्रोत्साहन मिले तो वे कई बुलंदियों को छू सकते हैं। इसके अलावा टेनिस बाल क्रिकेट में एसआरएमएल ने बाजी मारी।
अंडर 19 आयु वर्ग के स्वीमिंग के खिताबी मुकाबलों में 100 मीटर फ्री स्टाइल में डीपीएस के अहमद इकराम, 200 मीटर में हेरिटेज के प्रांशु काबरा, 400 मीटर में प्रांशु काबरा, 50 मीटर बैक स्ट्रोक में डीपीएस के अहमद इकराम, 100 मीटर में जोधामल के विशेष, 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में जोधामल के हार्दिक खजूरिया, 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में केसी पब्लिक के अभिषेक, 200 मीटर में जोधामल के हार्दिक खजूरिया और 50 मीटर बटर फ्लाई में केसी पब्लिक के कनिष्क ने पहला स्थान हासिल किया।
लड़कियों के अंडर 19 आयु वर्ग के 50 मीटर फ्री स्टाइल में केसी पब्लिक की गरिमा, 100 मीटर में केसी पब्लिक की महरीन, 50 मीटर में जोधामल स्कूल के भवप्रीत ने बाजी मारी। रोप स्कीपिंग में 30 सेकेंड स्पीड में एपीएस दोमाना की महक, इंडोरेंस 3 मिनट में केसी गुरुकुल की निवि मन्हास, डबल अंडर 30 सेकेंड में एपीएस दोमाना की रिया बख्शी और फ्री स्टाइल 1:30 सेकेंड में केसी गुरुकुल की शेया ने सबको पछाड़ा।
जंप रोप में विभिन्न स्पर्धाओं में एपीएस दोमाना की महक, रिया, शेया और सेजाल, नंदिता, निताक्षी, तमा ने प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त देकर जीत दर्ज की। इसी तरह लड़कों के अंडर 19 आयु वर्ग के टेनिस बाल क्रिकेट के सेमीफाइनल मुकाबलों में जोधामल ने मायर को 25 रन से पछाड़ा। जोधामल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7.5 ओवर में 66 रन जोड़े।
इसके जवाब में मायर के बल्लेबाज 41 रनों पर ही लुढ़क गए। दूसरे सेमीफाइनल में एसआरएमएल ने सीबीएचएसएस को छह विकेट से पछाड़ा। खिताबी मुकाबले में भी जीत अभियान को आगे बढ़ाते हुए एसआरएमएल ने जोधामल को रोमांचक मुकाबले में एक रन से शिकस्त देकर ट्राफी अपने नाम की।