जम्मू। जीएमसी के ऑर्थो यूनिट-1ए में आए 4 मरीजों को कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनके संपर्क में रहे ऑर्थो और सर्जरी विभाग के 20 डाक्टरों को विभिन्न होटलों में क्वारंटीन कर दिया है। इसके अलावा ऑर्थो और सर्जरी विभाग में आए अन्य 30 मरीजों को भी आइसोलेट करने सहित 5 नर्सों और 4 मेडिकल असिस्टेंट भी क्वारंटीन किया गया है।
ऑर्थो विभाग में पाजिटिव आए चारों मरीज ऑपरेशन के लिए शनिवार को जीएमसी पहुंचे थे। ऑपरेशन से पहले चारों को कोरोना टेस्ट करवाने को कहा था, जिसकी रिपोर्ट रविवार की देर रात आई। इसके बाद चारो पॉजिटिव मरीजों को जीएमसी में आइसोलेट कर दिया गया। आइसोलेट होने वाले डॉक्टरों में सर्जरी विभाग के 8 और सर्जरी विभाग से 12 डॉक्टर शामिल हैं। सर्जरी विभाग की एक यूनिट से 4 और एक अन्य यूनिट से 8 डॉक्टर शामिल हैं। इनमें रजिस्ट्रार और पीजी डॉक्टर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि उक्त दिन पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में रहे कुछ मरीज बिना बताए अस्पताल से चले गए, जिनकी शिनाख्त की जा रही है। जीएमसी के प्रिंसिपल डॉ. नसीब चंद डिगरा के अनुसार मरीजों के पॉजिटिव होने की पुष्टि के बाद उनके संपर्क में रहे 20 डॉक्टरों को आइसोलेट किया गया है। उनके कोरोना सैंपल लिए जाएंगे।
त्रिकुटा नगर सहित कंटेनमेंट जोन सील
जम्मू। जिला प्रशासन की ओर से कई वार्डों और गांव को कंटेनमेंट/रेड जोन घोषित करने के बाद सोमवार शाम को पुलिस ने सभी कंटेनमेंट जोन में तारबंदी करके आवाजाही को रोक दिया। इन क्षेत्रों में पूरी तरह से पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। जरूरी सेवाओं में मेडिकल इमरजेंसी में ही लोगों को रियायत दी जाएगी।