कश्मीर प्रशासनिक सेवा (केएएस) के प्रीलिम्स की परीक्षा दोनों संभागों में पहली मार्च को होगी। केएएस प्रीलिम्स परीक्षा करवाने के लिए जेएंडके पब्लिक सर्विस कमीशन जोर-शोर के साथ तैयारी करवाने में जुटा है। कमीशन ने दोनों संभागों में परीक्षा केंद्र स्थापित करने से लेकर प्रश्नपत्र, सप्लीमेंटरी, अन्य सामान और सुरक्षा मुहैया करवाने के लिए अपना खाका तैयार कर लिया।
परीक्षार्थियों को समय पर रोल नंबर और परीक्षा केंद्रों के बारे में विस्तार से जानकारी के लिए कमीशन की ओर से समाचार पत्र में अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। परीक्षार्थी कमीशन की वेबसाइट से आसानी से अपना रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं।
कमीशन के आला अधिकारियों ने बताया कि पहली मार्च को होने वाली परीक्षा में जनरल स्टडी और ऑप्शनल के दो पेपर दो शिफ्टों में करवाए जाएंगे। केएएस के प्रीलिम्स परीक्षा में जम्मू से बारह हजार और कश्मीर से दस हजार के करीब परीक्षार्थी भाग्य आजमाएंगे।
जम्मू में सत्रह परीक्षा केंद्र, जबकि कश्मीर में ग्यारह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रीलिम्स परीक्षा के परिणाम डेढ़-दो महीने तक निकाले जाने के बाद मेन की परीक्षा होगी, जिसके बाद परीक्षार्थी को इंटरव्यू के दौर तक पहुंचने के लिए दो सीढ़ियों को पार करना होगा।
केएएस प्रीलिम्स की तैयारी में जुटे अश्विनी कुमार ने कहा कि वह परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, ताकि इस बार वह मेन परीक्षा और इंटरव्यू तक पहुंच सकें।