जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही प्रतियोगिता में चौकों-छक्कों की झड़ी लगने से रोमांच भर गया है।
बुधवार को खेले गए मैच में जम्मू-कश्मीर पुलिस इलेवन के बल्लेबाज पुनीत ने इस सीजन की सबसे रोमांचक पारी खेलकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
सबसे तेज पचास रन बनाने के साथ ही सात छक्कों की झड़ी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई। बुधवार को टॉस जेकेपी इलेवन ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बटोरना शुरू कर दिए।
जतिन ने तीन चौकों और एक छक्के की मदद से चालीस गेंदों में 38 रन बनाए। लेकिन, क्रीज पर जैसे ही पुनीत का बल्ला चमका, चौकों और छक्कों की झड़ी लग गई।
पुनीत ने तीस गेंदों में 82 रन की शानदार पारी में छह चौके और सात छक्के लगाए। पारी का खेल खत्म होने तक जेकेपी इलेवन ने छह विकेट के नुकसान पर विशालकाय 160 रन बना डाले।
गेंदबाजी में रजनीश ने तीन और अंकित ने एक विकेट चटकाया। निर्धारित बीस ओवर में बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरे महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स क्लब यमुनानगर के बल्लेबाजों ने भी अच्छी औसत से रन बनाना शुरू कर दिए।
लेकिन, एक के बाद एक विकेट गिरने की वजह से रन का औसत कम हो गया, नतीजतन बड़े लक्ष्य का दबाव टीम पर भारी पड़ गया। पारी के मध्य तक बल्लेबाजों ने जीत की ललक दिखाई, लेकिन आखिरी ओवर तक पहुंचते हुए मुकाबला एकतरफा हो गया।
पूरी टीम 19.1 ओवर में 120 पर ढेर हो गई। मयंक ने तीस गेंदों में चालीस और दीपक ने सोलह गेंदों में 26 रन की पारी खेली। जेकेपी इलेवन से कुलदीप ने तीन तथा अमनदीप और गिल ने दो-दो विकेट चटकाए।