जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर के सर्जिकल स्ट्राइक के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भगवान ऐसे लोगों को सद्बुद्धि दें।
पाक अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की टिप्पणी के बाद मामला गरमाता जा रहा है। कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं की ओर से आलोचना के बाद अब जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उप राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सेना की बहादुरी पर किसी को संदेह नहीं है। भगवान ऐसे लोगों को सद्बुद्धि दें ताकि वे देश और सेना के बारे में बेहतर विचार रख सकें।
विज्ञापन
वहीं, मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के खिलाफ असम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के सूत्रों ने बताया कि उनके खिलाफ भाजपा समर्थकों की शिकायत के बाद भारत विरोधी भावनाओं को उकसाने के लिए मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि केसीआर ने सोमवार को कहा था कि भाजपा सरकार को सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत पेश करने चाहिए।
क्या थी मुख्यमंत्री केसीआर की टिप्पणी
सीएम चंद्रशेखर राव ने कहा कि था कि, मैं आज भी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांग रहा हूं। सरकार को सबूत पेश करने दो। उन्होंने कहा था कि भाजपा झूठा प्रचार करती है। उन्होंने आगे कहा था कि, सेना सीमा पर लड़ रही है। कोई मर रहा है, तो वह सेना के जवान हैं। उन्हें इसका श्रेय देना चाहिए, लेकिन भाजपा राजनीतिक रूप से सर्जिकल स्ट्राइक का उपयोग कर रही है।