गुलमर्ग में खेलो इंडिया विंटर गेम्स का आगाज करते हुए उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि गुलमर्ग शीतकालीन खेलों के लिए उत्कृष्टता का केंद्र बनने जा रहा है। जम्मू-कश्मीर का खेल बजट अन्य राज्यों से अधिक है। प्रदेश के युवाओं के कौशल को निखारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
कश्मीर घाटी, जो पहले पत्थरबाजी की घटनाओं से बदनाम थी, अब खेलों से जानी जाती है। घाटी के जो युवा हाथों में पत्थर उठाते थे, वे अब खेल गतिविधियों से जुड़कर राष्ट्र के लिए गौरव बन रहे हैं। यह बात केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में खेलो इंडिया विंटर गेम्स के उद्घाटन समारोह में कही।
जम्मू-कश्मीर सरकार की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने केवल तीन साल में कश्मीर की तस्वीर बदल दी है, जो पिछले 75 वर्षों में नहीं बदल सकी। यह वास्तव में हम सभी के लिए गर्व की बात है कि जम्मू-कश्मीर तीसरी बार खेलो इंडिया गेम्स की मेजबानी कर रहा है।
अनुराग ने कहा, उनके पास जल्द ही कई स्टार एथलीट होंगे, क्योंकि युवा खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, चाहे वह फुटबॉल, वुशु, क्रिकेट, स्कीइंग या अन्य खेल गतिविधियां हों। जम्मू-कश्मीर के हर जिले में अब एक इनडोर स्टेडियम और हर गांव में एक खेल का मैदान है, जो साबित करता है कि कैसे स्थिति ने यू-टर्न लिया है।
उन्होंने कहा कि भारी बर्फबारी के बावजूद खेलों के प्रति लोगों का उत्साह देखकर पता चलता है कि फिट इंडिया अभियान को प्रशासन ने गांव-गांव तक पहुंचाया है। लोगों का उत्साह बताता है की सभी विंटर गेम्स के लिए कितने उत्सुक हैं।
दो साल के बाद फिर से गुलमर्ग में इसका आगाज हुआ है। देश भर से आए खिलाड़ी पूरे जोश के साथ प्रदर्शन को तैयार हैं। खुशी है कि कश्मीर में टूरिज्म लगातार बढ़ रहा है। केंद्र सरकार यहां पर और सुविधाएं बढ़ाएगी, जिससे टूरिज्म के साथ रोजगार भी बढ़ेगा।