पाकिस्तान स्थित आतंकी समूह लश्कर-ए-ताइबा के सहायक संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) को सरकार ने वीरवार को प्रतिबंधित कर दिया। इसके अलावा मोहम्मद अमीन उर्फ अबू खुबैब को आतंकी घोषित किया है।साल के पहले दिन राजोरी में तीन घरों पर फायरिंग कर चार हिंदुओं की हत्या और अगले दिन एक घर में आईईडी ब्लास्ट करने की घटना के चार दिन बाद केंद्र सरकार ने यह फैसला लिया है।
इसके अलावा सरकार ने मोहम्मद अमीन उर्फ अबू खुबैब को आतंकवादी घोषित किया है। वह जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है। वर्तमान में पाकिस्तान से गतिविधियों का संचालन कर रहा है। वह लश्कर-ए-ताइबा के लॉन्च़िग कमांडर के रूप में कार्य कर रहा है।
उसके देश विरोधी तत्वों के साथ गहरे संबंध हैं और जम्मू क्षेत्र में लश्कर की आतंकवादी गतिविधियों को पुनर्जीवित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अमीन सीमा पार से जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों, हथियारों और विस्फोटकों की आपूर्ति और आतंकियों के वित्तपोषण में शामिल रहा है।
खुबैब का नाम उधमपुर बस स्टैंड पर हुए विस्फोट में भी आया था। वह डोडा, रामनगर, डूडू-बसंतगढ़ में पुराने आतंकियों को सक्रिय कर चिनाब वैली में आतंकवाद को बढ़ाने में जुटा था।