मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अनुच्छेद 370 को लेकर विवादों में घिर गए हैं। दिग्विजय सिंह का एक क्लब हाउस का ऑडियो सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आती है, तो वह जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को फिर से बहाल करेगी। इस ऑडियो को लेकर भाजपा ने दिग्विजय सिंह के साथ ही कांग्रेस पर हमला बोला है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी में व्याप्त हताशा का संकेत है। कांग्रेस किसी भी कीमत पर सत्ता में वापस आने की कोशिश कर रही है। इसके लिए भारत माता की अखंडता को भी दांव पर लगा रही है। जब भी कांग्रेस इस तरह की बात करती है, तो यह इस्लामाबाद में खुशी और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को और बढ़ावा मिलता है।
रवींद्र रैना: कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान,आतंकवादियों और अलगाववादियों के साथ
जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा कि दिग्विजय सिंह का ऑडियो सामने आने के बाद एक बार फिर से साबित हो गया है कि कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान, आतंकवादियों और अलगाववादियों के साथ है। हम सब जानते हैं कि अनुच्छेद 370 की वजह से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और अलगाववाद पनपा। इसी के चलते प्रदेश में बेगुनाह मारे गए। पांच अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 हटने के बाद से लोग खुश हैं। लोगों ने इस निर्णय को स्वीकार किया है, लेकिन कांग्रेस के नेता पाकिस्तान के इशारों पर नाच रहे हैं।