प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने तथाकथित जेहादियों से भोले-भाले लोगों के बच्चों का इस्तेमाल करने से पहले अपने बच्चों की कुर्बानी देकर मिसाल पेश करने को कहा है। कश्मीर हिंसा पर पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि देश के साथ ही जम्मू-कश्मीर के लोगों और युवाओं को शिक्षित तथा प्रेरित करने की जरूरत है।
उनको यह बताना होगा कि तथाकथित जेहाद तथा आजादी की लड़ाई लड़ने वाले नेताओं से पूछा जाए कि उनके बच्चे दूसरे राज्यों व विदेशों में क्यों रहते हैं और नौकरी क्यों करते हैं। घाटी के हालात तथा बच्चों को आतंकवाद की राह में धकेलने संबंधी सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत का नजरिया आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस का है।
उन्होंने घाटी में हालात को बिगाड़ने संबंधी नेकां तथा कांग्रेस के आरोपों पर कहा कि वे यह दुष्प्रचारित करने की कोशिश कर रहे हैं कि भाजपा के शासन के नए मॉडल की वजह से लोगों की जानें जा रहीं हैं।