जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने आवास कालोनियों के ड्रा निकालने के बाद अब प्लाट पर कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कच्चा रास्ता बनाकर प्लाटों को अलग-अलग हिस्सों में आकार के मुताबिक बांटा जा रहा है। बिजली के खंभे भी साथ-साथ में लगाए जा रहे हैं।
यही नहीं, जेडीए ने उच्चाधिकारियों ने लोगों को प्लाट का कब्जा देने में रुचि दिखाते हुए सभी कालोनियों में सरकारी अमला भी तैनात कर दिया है। जेडीए ने कच्चा रास्ता बनाकर तीन अलग-अलग आकार के प्लाट काटने शुरू कर दिए हैं। ड्रा निकालते वक्त भी तीन आकार के प्लाट निकाले गए थे।
बीरपुर, कोट भलवाल, गोल गुजराल और रूपनगर में जेडीए ने प्लाट अलाट किए हैं। जेडीए के वाइस चेयरमैन मुबारक सिंह ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए लोगों को प्लाट का कब्जा देने की कवायद भी शुरू कर दी है।
इसके साथ ही लोगों को हिदायतें दी है कि कब्जा दिलाने के साथ ही लोग जल्द से जल्द नींव आदि भर लें, नहीं तो बाद में उन्हें वाच एंड वार्ड चार्जेस लगने शुरू हो जाएंगे।