जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) के खिलाफवर्जी विंग की टीम ने शनिवार को गुढ़ा ब्राह्मणा में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दिया। खासतौर पर महिलाओं ने जेडीए की टीम का कड़ा विरोध किया। बावजूद टीम ने पुलिस की मदद से हंगामे के बीच 13 कनाल जमीन खाली करवा ली।
इसके साथ ही दस प्लंथ और एक ढांचा भी गिराया गया है। जेडीए के वीसी मुबारक सिंह को सूचना मिली कि गुढ़ा ब्राह्मणा में कुछ लोगों ने जेडीए की जमीन पर कब्जा करने के लिए प्लंथ बनाए हैं। तभी टीम को भेजा तो सूचना सही पाई गई। फिर एसएसपी जम्मू के साथ संपर्क करके पुलिस पार्टी को साथ लिया और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया।
खिलाफवर्जी अफसर नरिंद्र सिंह, तहसीलदार सानिया हक खान, तहसीलदार जोन-ए पुरुषोत्तम कुमार, सुनील नंदा, राजिंद्र सिंह और बूटी सिंह ने कार्रवाई को शुरू किया। इसका स्थानीय महिलाओं ने विरोध करना शुरू कर दिया। तभी पुलिस टीम ने महिलाओं को समझाया कि जेडीए की जमीन पर अतिक्रमण नहीं किया जा सकता। महिला पुलिस ने गुस्साईं महिलाओं को नियंत्रण में किया और दस प्लंथ तथा एक ढांचा गिराकर तारबंदी कर दी।