फाइनल मुकाबले में एवरशाइन क्रिकेट क्लब सतवारी को तीन विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। एमए स्टेडियम में 16 मार्च से चल रही एंटी ड्रग्स वेटरन्स क्रिकेट लीग का मंगलवार को समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में जंडियाल ग्रुप इलेवन ने एवरशाइन क्रिकेट क्लब सतवारी को तीन विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
एवरशाइन क्रिकेट क्लब सतवारी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 134 रन बनाए। एवरशाइन क्रिकेट क्लब सतवारी के बल्लेबाज मनजीत सिंह और आकाश शर्मा ने 36-36 रन की पारी खेलकर जंडियाल ग्रुप इलेवन को 135 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए जंडियाल ग्रुप इलेवन ने 19.4 ओवर में सात विकेट पर 135 रन बनाकर तीन विकेट से मुकाबला जीत लिया। जंडियाल ग्रुप इलेवन के बल्लेबाज शशि कुमार ने 49 रन और अतुल ने 21 रन की पारी खेली। एवरशाइन क्रिकेट क्लब सतवारी के गेंदबाज रविंदर सिंह ने चार विकेट हासिल किए।
एंटी ड्रग्स वेटरन्स क्रिकेट लीग लुधियाना ब्रदर्स की ओर से टीम जम्मू के सहयोग से आयोजित की गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया रहे। जोरावर सिंह, प्रताप सिंह व अन्य उपस्थित रहे।