कश्मीर में टारगेट किलिंग को लेकर जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक वीडियो शेयर किया है, जो वायरल हो रहा है। इसके जरिए पुलिस ने अपने शहीदों को याद किया है। वीडियो को 'द अनटोल्ड कश्मीर फाइल्स' का नाम दिया गया है, जो 57 सेकंड का है। इसमें एक गीत भी जोड़ा गया है, जिसके बोले हैं- 'वो आज भी जिंदा है मर के भी फिजाओं में, बस मार देने से कोई मुर्दा नहीं होता, हम आह भी भरते हैं तो हो जाते हैं बदनाम, वो कत्ल भी करे तो चर्चा नहीं होता...'
वीडियो में दिखाया गया है कि एसपीओ इश्फाक अहमद के घर आतंकी जबरन घुस जाते हैं। वह एसपीओ और उसके भाई उमर जान की हत्या कर देते हैं। आए दिन आतंकी शांति से रहने वाले कश्मीर के लोगों को निशाना बना रहे हैं। कश्मीर ने करीब 20 हजार लोगों को टारगेट किलिंग में गंवा दिया है। अब समय में हम इसके खिलाफ बोलें। अपनी चुप्पी को तोड़ें। हम देखेंगे, हम कश्मीर हैं।
क्या है मामला
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में 26 मार्च को स्पेशल पुलिस (एसपीओ) अफसर इश्फाक अहमद डार के घर में घुस कर आतंकियों ने हमला किया था। इसमें एसपीओ इशफाक और उनके भाई उमर जान की मौत हो गई। दूसरे दिन रविवार को दोनों की अंतिम विदाई के मौके पर हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। इस दौरान सभी की आंखों में पानी और चेहरे पर मायूसी थी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकी हमले में मारे गए एसपीओ इशफाक के परिवार वालों को 10 लाख रुपये सहायता की घोषणा की है।
जल्द मिलेगा न्याय
बुधवार को सेना की 15 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे ने एसपीओ और उनके भाई के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिवार को न्याय का आश्वासन देते हुए कहा कि सुरक्षा बल जल्द हमलावरों को पकड़ लेंगे या मार गिराएंगे।