अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नगर निगम में लाइनमैन का टोटा है, जिसका खामियाजा शहरवासियों को भी भुगतना पड़ रहा है। लेकिन, अब जल्द ही यह समस्या दूर होने वाली है। इसके लिए नगर निगम ने लाइनमैनों के रिक्त पद भरने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है।
मौजूदा समय में 75 वार्डों में सिर्फ 25 तैनात हैं। इसमें चार नियमित और 21 एनजीओ के माध्यम से रखे गए हैं। हर लाइनमैन के पास तीन वार्ड का कार्यभार है। इस कारण स्ट्रीट लाइटों सहित बिजली की आने वाले दिक्कत का निदान समय पर नहीं हो पा रहा है।
प्रस्ताव के अनुसार एनजीओ के माध्यम से रखा लाइनमैन की तैनाती होगी। प्रति वार्ड एक कर्मी को नियुक्त किया जाएगा। मौजूदा समय में लाइनमैन के पास ज्यादा इलाके होने के कारण बिजली संबंधी शिकायतों को निपटाने में देरी हो रही है। कुछ वार्ड में चार से पांच दिन बाद ही समस्या का निदान हो रहा है।
लाइनमैन के हवाले नगर निगम की बिजली को ठीक करने का जिम्मा है। पार्कों में बिजली संबंधी दिक्कतों का निवारण भी इन्हीं लाइनमैन के माध्यम से ही किया जाता है। 20 साल से सेवानिवृत्त हुए लाइनमैन की जगह नए की तैनाती नहीं हो पाई है।