जम्मू नगर निगम को नया मेयर और डिप्टी मेयर दस अक्तूबर से पहले मिल जाएगा। गृहमंत्री अमित शाह के तीन से पांच अक्तूबर तक जम्मू कश्मीर के दौरे के बाद भाजपा नए मेयर और डिप्टी मेयर के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार नए मेयर और डिप्टी मेयर के लिए करीब आधा दर्जन पार्षदों के नामों को शार्ट लिस्ट किया है। इनमें बलदेव बलोरिया, प्रदीप कपाही, राजेंद्र कुमार, संजय बड़ू, गुरमीत कौर रंधावा आदि के नाम शामिल हैं। संघ नेताओं को भी शार्ट लिस्ट किए गए नामों की जानकारी दी जा चुकी है। उधर, अमित शाह के दौरे के बाद राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी तरुण चुग के साथ एक बार फिर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व की बैठक होगी। इसके बाद नए मेयर और डिप्टी मेयर के नामों पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना का कहना हैं कि गृहमंत्री का दौरा समाप्त होने के बाद दोनों पदों के लिए नाम को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
नगर निगम में हो रहा कम काम
मेयर और डिप्टी मेयर के इस्तीफे के बाद नगर निगम में अब केवल काम चलाऊ काम ही हो पा रहा है। नए मेयर और डिप्टी मेयर के चुने जाने के बाद ही अब अहम फैसले हो पाएंगे। बुधवार को भी नगर निगम के अफसरों से पार्षदों तक में नए मेयर और डिप्टी मेयर के नामों पर कयास का दौर जारी रहा। हालांकि कार्यकारी मेयर और डिप्टी मेयर के तौर पर चंद्र मोहन गुप्ता और पूर्णिमा शर्मा अभी बने हुए हैं। लेकिन वह अहम फैसला या फाइल को मंजूरी नहीं दे पा रहे हैं।
मेयर, डिप्टी मेयर बनने के बाद सिरे चढ़ेंगे ये काम
स्वच्छ भारत मिशन, पार्किंग सुविधा, स्मार्ट सिटी परियोजना के प्रोजेक्ट, स्ट्रीट लाइट, पार्क मसले, सफाई संबंधी कार्रवाई समेत कई काम अब नए मेयर के बनने के बाद आगे बढ़ सकेंगे।
मेयर को फिर से देना पड़ सकता है इस्तीफा
नगर निगम के सूत्रों के अनुसार अनुच्छेद में मेयर-डिप्टी मेयर के इस्तीफे एक साथ देने पर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। नियम से मेयर को डिप्टी मेयर तो डिप्टी मेयर को मेयर को इस्तीफा देना होता था, लेकिन यहां पर दोनों ने एक साथ इस्तीफा दिया। ऐसे में डिप्टी मेयर का इस्तीफा मंजूर हो गया था। अब डिप्टी मेयर के चयन के बाद मेयर को इस्तीफा फिर से देना पड़ सकता है।
जनरल हाउस की बैठक इस माह नहीं
मेयर, डिप्टी मेयर न होने के कारण हाउस की बैठक भी नवंबर माह तक होने की संभावना है। ऐसे में शहर के लिए लिए जाने वाले तमाम फैसले अब देरी से लिए जाएंगे। शेडयूल के हिसाब से इस माह बैठक होनी थी, लेकिन अब बदलाव के कारण बैठक नहीं होगी।
भेजा गया है सरकार के पास इस्तीफा
इस्तीफा सरकार को भेजा गया है। मंजूरी तक मेयर पद पर ही रहेंगे। मंजूरी मिलने के बाद अगली कार्रवाई शुरू होगी।
- राहुल यादव, आयुक्त, नगर निगम।