कश्मीर में सरकार का दरबार बंद होने में अब गिने-चुने दिन ही शेष रह गए है। ऐसे में शीतकालीन राजधानी में दरबार की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। कश्मीर में पिछले 101 दिनों से असामान्य चल रहे हालात के चलते इस बार दरबार मूव के कार्यालय खुलने के बाद जम्मू में गहमागहमी बढ़ने के आसार हैं।
सबसे अहम दरबार मूव मुलाजिमों के साथ इस बार उनके परिवार भी आ सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कश्मीर में शिक्षण संस्थान बंद पड़े है। बाजारों से भी रौनक गायब है।
ऐसे में दरबार जम्मू में शिफ्ट होने पर दरबार मूव कार्यालयों के मुलाजिम अपने परिवार भी इस बार यहां ला सकते हैं। पहले कुछ एक मुलाजिम ही अपने परिवार यहां लाते रहे है। इस बार इसमें बढ़ोतरी हो सकती है।
27 अक्तूबर को श्रीनगर में बंद होगा कामकाज
महबूबा मुफ्ती
- फोटो : Amar Ujala
श्रीनगर में सरकार का दरबार 27 अक्तूबर को श्रीनगर में बंद हो जाएगा। सात नवंबर को सचिवालय समेत दरबार मूव के कार्यालय जम्मू में खुलेंगे। दरबार मूव के प्रबंधों का सोमवार को मंडलायुक्त डॉ. पवन कोतवाल ने जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ दरबार मूव मुलाजिमों के आवासीय क्वार्टरों जो कि कंपनी बाग, बीसी रोड, टांगे वाली गली, अहाता अमर सिंह और सरवाल का दौरा किया और वहां बिजली, पानी, साफ सफाई और अन्य सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को साफ सफाई से लेकर सभी बुनियादी सुविधाएं क्वार्टरों में मुहैया करवाने के निर्देश दिए। सचिवालय का दौरा कर मंडलायुक्त ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सचिवालय में एलईडी बल्ब लगाने की हिदायत भी दी। उन्होंने सुरक्षा, बिजली, पानी प्रबंधों का जायजा लिया। उन्हें बताया गया कि 70 फीसदी तैयारियों का काम पूरा कर लिया गया है।