विश्वविद्यालय का संगठन के साथ समझौता, ज्ञापन पर किए हस्ताक्षर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। फिक्की फ्लो जम्मू कश्मीर लद्दाख चैप्टर और सेंट्रल यूनिवर्सिटी (सीयू) जम्मू के बीच मंगलवार को समझौता ज्ञापन साइन किया गया। इसमें दोनों मिलकर कौशल विकास, स्वास्थ्य और कल्याण व महिला सशक्तीकरण सहित पारस्परिक हितों के क्षेत्र में सहयोग करेंगे।
समझौता ज्ञापन पर फिक्की फ्लो की चेयरपर्सन रुचिका गुप्ता और सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू के रजिस्ट्रार प्रो. यशवंत सिंह ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर फिक्की फ्लो जम्मू-कश्मीर लद्दाख चैप्टर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरती चौधरी, सोना मेहता, नंदिता बजाज और स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज की प्रो. जया भसीन, डॉ. शाहिद मुश्ताक और डॉ. आसिफ अली उपस्थित रहे।
रुचिका गुप्ता ने कहा कि संगठन के यंग वुमन एफिनिटि ग्रुप (वाईडब्लयूएजी) पहल के तहत छात्राओं के व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रोफेसर संजीव जैन ने कहा कि फिक्की फ्लो और सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू के बीच किया गया समझौता महिला सशक्तीकरण में अहम भूमिका निभाएगा।