मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से मास्टर डिग्री प्रोग्राम के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अंतर्गत ई-पीजी पाठशाला से जम्मू विश्वविद्यालय जुड़ चुका है। 1.12 करोड़ की राशि ई-पीजी पाठशाला के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने स्वीकृत की है, जिसमें अब तक सात लाख की राशि जारी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, जम्मू यूनिवर्सिटी के इकोनामिक्स डिपार्टमेंट में (ग्लोबल) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जनसंख्या अध्ययन के लिए स्नातकोत्तर कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्टडी और लर्निंग मैटेरियल तैयार होंगे जो आडियो, वीडियो, मल्टी मीडिया रिकार्डिंग के द्वारा भी विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा।
इसके लिए ढांचागत सुविधा तैयार करने के लिए यूजीसी के तहत मानव संसाधान विकास मंत्रालय द्वारा ई-पीजी पाठशाला को लेकर तैयार प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है, जिससे यहां के विद्यार्थियों को जनसंख्या अध्ययन(पोपुलेशन स्टडीज) विषय लेकर ई-पीजी कोर्स करने में आनलाइन सुविधा हासिल हो सकेगी।
जबकि इंटरनेट पर कोर्स मैटेरियल भी हासिल होगा। उल्लेखनीय है कि जनसंख्या अध्ययन में सोलह पेपर शामिल हैं, जिन्हें चालीस-चालीस माड्यूल्स के रूप में तैयार किया जाएगा। जिसके आधार पर 640 टेक्सट मैटेरियल तैयार होंगे। हालांकि जम्मू यूनिवर्सिटी में मल्टीमीडिया सुविधा अभी तक उपलब्ध नहीं है जिससे कश्मीर यूनिवर्सिटी या पटियाला यूनिवर्सिटी के एक्सपर्ट से संपर्क स्थापित किया जा रहा है।
वहीं, जम्मू यूनिवर्सिटी के इकोनामिक्स डिपार्टमेंट के प्रो. फलेंद्र कुमार सूदन ने बताया कि यह ई -पीजी पाठशाला इकोनामिक्स डिपार्टमेंट से संचालित होगी। अबतक 1.12 करोड़ की मंजूर राशि में से सात लाख जारी हुए हैं, जिसके आधार पर विभाग में ढांचागत सुविधा तैयार की जा रही है।