जम्मू यूनिवर्सिटी के साथ मान्यता प्राप्त कालेजों में दाखिले के लिए जम्मू यूनिवर्सिटी एंट्रेंस परीक्षा 2015 (जुईट) का बिगुल बज गया है। जेयू के विभिन्न विभागों और मान्यता प्राप्त कालेजों में दाखिले के लिए करवाई जाने वाली एंट्रेंस परीक्षा के संबंध में आवेदन और आनलाइन आवेदन प्रक्रिया के लिए विवि प्रशासन की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है।
आगामी जून महीने की पच्चीस तारीख को एक ही चरण में एंट्रेंस परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें पीजी सीट हासिल करने के लिए विद्यार्थियों के बीच कांटे की टक्कर रहेगी।
बुधवार को विवि कैंपस में स्थित वीसी चैंबर में उपकुलपति प्रो. आरडी शर्मा ने विवि प्रशासन के अन्य अधिकारी और प्रोफेसरों की मौजूदगी में जुईट के आनलाइन आवेदन प्रक्रिया का शुभारंभ किया।
आनलाइन आवेदन प्रक्रिया के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उपकुलपति ने कहा कि विद्यार्थी आवेदन और एंट्रेंस परीक्षा से संबंधित विभिन्न चीजों के बारे में विवि की वेबसाइट से भी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
इसके साथ ही पोस्ट ग्रेजुएट और अंडर ग्रेजुएट कोर्स के लिए एंट्रेंस परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थी परीक्षा से संबंधित सैंपल प्रश्न पत्र और परीक्षा पैटर्न के बारे में वेबसाइट से मदद ले सकते हैं।
उपकुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को हरसंभव सुविधा मुहैया करवाने के साथ, नोटिफिकेशन, प्रोस्पेक्टस, फीस, योग्यता और आवेदन फार्म भरने के दौरान होने वाली सभी संशयों को दूर करने के लिए वेबसाइट में विस्तारपूर्वक जानकारी उपलब्ध की गई है।
जेयू के साथ मान्यता प्राप्त कालेजों में दाखिले के लिए एंट्रेंस परीक्षा का आवेदन फार्म भरने के लिए विद्यार्थियों को आज से एडमिशन कम ब्रोशर मिलेंगे। एंट्रेंस परीक्षा का आवेदन फार्म भरने के लिए सामान्य वर्ग के विद्यार्थी को छह सौ रुपये, जबकि आरक्षित वर्ग के विद्यार्थी को फार्म भरने के लिए पांच सौ रुपये तक की फीस की अदायगी करनी होगी।
यहां मिलेगा एडमिशन कम इनफारमेशन ब्रोशर
एडमिशन कम इनफारमेशन ब्रोशर को निर्धारित फीस देकर जम्मू कश्मीर बैंक की न्यू यूनिवर्सिटी कैंपस, तालाब तिल्लो, शालामार और गांधी नगर शाखा, कठुआ में मुख्य बैंक की शाखा, पुंछ में बैंक की मुख्य शाखा, राजोरी में बैंक की मुख्य शाखा, भद्रवाह में बैंक की मुख्य शाखा, उधमपुर में बैंक की मुख्य शाखा, लेह में बैंक की मुख्य शाखा और श्रीनगर में यूनिवर्सिटी कैंपस हजरतबल में हासिल किए जा सकते हैं।
15 जून तक आवेदन
एंट्रेंस परीक्षा के लिए एडमिशन कम ब्रोशर विद्यार्थियों को काउंटरों से बारह जून तक मिलेगा। इसके बाद नब्बे रुपये तक की लेट फीस के साथ पंद्रह जून तक ब्रोशर मिल सकेगा। विद्यार्थी अपना आवेदन फार्म पंद्रह जून तक जमा करवा सकते हैं। एंट्रेंस परीक्षा में बैठने के लिए विद्यार्थी अपना एडमिट कार्ड 18 जून से लेकर 24 जून तक जम्मू यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। पीजी और यूजी कोर्स के लिए एंट्रेंस परीक्षा पच्चीस जून को होगी। इसके बाद परीक्षा से संबंधित आंसर की 26 जून को मिलेगी और परिणाम चार जुलाई को निकलेगा।