विश्वविद्यालय स्तर पर खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने और खेल संस्कृति विकसित करने के लिए जम्मू विश्वविद्यालय ने अपनी खेल नीति तैयार की है। इस तरह की खेल नीति तैयार करने वाला जेयू प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय है। गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी, पंजाब यूनिवर्सिटी, रोहतक यूनिवर्सिटी की खेल नीति की तर्ज पर जेयू की खेल नीति तैयार की गई है।
संभवत जुलाई में होनी वाली जम्मू विश्वविद्यालय की काउंसिल की बैठक में खेल नीति को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। खेल नीति में खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता से लेकर उनकी ट्रेनिंग, वित्तीय मदद का खास ख्याल रखा गया है।
जम्मू विश्वविद्यालय के खेल और शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा इस नीति को तैयार किया गया है। विभाग के अधिकारी दो साल से इस पर काम कर रहे थे। इसे अब अंतिम रूप दिया गया है। खेल नीति में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पीजी के प्रवेश में छूट, उपस्थिति में छूट, निशुल्क होस्टल सुविधा, ग्रेस मार्क्स, वित्तीय मदद, मासिक छात्रवृत्ति और रिफरेशमेंट, परिवहन सहित अन्य सुविधाएं देने की बात है। विश्वविद्यालय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस नीति को तैयार किया गया है।
जम्मू विश्वविद्यालय में खेल नीति नहीं होने के कारण प्रदेश के खिलाड़ी पंजाब और दिल्ली के विश्वविद्यालयों में दाखिला ले रहे थे। अगर जेयू में भी खेल नीति लागू होती है, तो प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों के उत्कृष्ट खिलाड़ी जेयू में भी दाखिला लेंगे।
जेयू के शारीरिक शिक्षा विभाग ने खेल नीति का प्रारूप तैयार कर लिया है। खेल नीति को जेयू की अकादमिक काउंसिल, सिंडिकेट बैठक से होते हुए विश्वविद्यालय काउंसिल द्वारा इस नीति को मंजूरी दी जाएगी। इस शैक्षणिक सत्र से इस नीति को लागू करने की योजना है।
ये हैं प्रावधान
अंतरराष्ट्रीय और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भाग लेने और पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को निशुल्क दाखिला, हॉस्टल के साथ एक लाख रुपये तक वित्तीय मदद देने की बात है। नकद पुरस्कारों की बात करें तो ओलंपिक गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता को एक लाख, रजत पदक विजेता को 75 हजार रुपये, कांस्य पदक विजेता को 50 हजार और प्रतिभागी को 40 हजार रुपये देने का प्रावधान है। इस तरह खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता को 12 हजार, रजत पदक के लिए 10 हजार और कांस्य पदक विजेता को आठ हजार रुपये की वित्तीय मदद देने का प्रावधान है।
इसी शैक्षणिक सत्र से लागू करने की योजना
जम्मू विश्वविद्यालय प्रदेश का पहला विवि होगा जिसके पास अपनी खेल नीति होगी। पंजाब, हरियाणा के विश्वविद्यालय और जम्मू-कश्मीर की खेल नीति का अध्ययन कर एक नीति तैयार की गई है। यूनिवर्सिटी काउंसिल से मंजूरी मिलने के बाद इसी शैक्षणिक सत्र से लागू करने की योजना है।
- डॉ. दाउद इकबाल बाबा, निदेशक खेल और शारीरिक शिक्षा निदेशालय जम्मू विवि।
ये भी पढे़ं- खाद्य सुरक्षा दिवस: मिलावट के खेल से स्वास्थ्य से खिलवाड़, 5913 सैंपल में 550 फेल, दुग्ध से जुड़े केस ज्यादा