प्राइवेट अंडर ग्रेजुएट विद्यार्थियों को फाइनल ईयर में रिवेल्यूएशन फार्म भरने की अनुमित प्रदान करने की मांग पर वीरवार को विद्यार्थियों ने जम्मू ज्वाइंट स्टूडेंट यूनियन के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांग को पूरा नहीं किया तो वे प्रदर्शन तेज करने को मजबूर होंगे।
दोपहर के समय यूनियन के महासचिव लक्की सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मिकी, मंजीत, सुखविंद्र सिंह, विक्रम सिंह, राहुल रैना आदि विद्यार्थियों ने बताया कि यूनिवर्सिटी नए-नए नियम बनाकर विद्यार्थियों के लिए परेशानी पैदा कर रही है।
यूनिवर्सिटी ने नया नियम बना दिया है कि जो विद्यार्थी पार्ट वन में रिअपीयर होगा, वह फाइनल ईयर में किसी विषय में फेल होने पर रिवेल्युएशन फार्म नहीं भर सकेगा। विद्यार्थियों ने कहा कि यूनिवर्सिटी की कार्यप्रणाली समझ से परे है।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने कहा कि यूनिवर्सिटी के अधिकारी विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए उनकी मांग है कि जल्द से जल्द यूनिवर्सिटी इस आदेश को वापिस ले। इसके अलावा जब भी कोई विद्यार्थी रिवेल्युएशन फार्म भरने के बाद पास हो जाता है, तो तुरंत उसको भरी गई एक हजार रुपये की फीस वापस लौटाई जाए, साथ ही एग्जामिनेशन फीस भी दी जाए।
कई बार मांग करने के बाद भी यूनिवर्सिटी इस पर गौर नहीं कर रही है, इसलिए आज सभी इसके विरोध में प्रदर्शन करने को मजबूर हुए हैं। यदि जल्द मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में विद्यार्थियों की ओर से प्रदर्शन और तेज किए जाएंगे।