विश्वविद्यालय कैंपस के अर्थशास्त्र विभाग में कुछ दिन पहले हुई फ्रेशर पार्टी की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल साइट पर डाले जाने को लेकर एबीवीपी ने विवाद खड़ा कर दिया है। जहां एबीवीपी पार्टी का विरोध कर रही है तो विभाग के छात्र एबीवीपी के विरोध में हैं। मामले में एबीवीपी कार्यकर्ताओं तथा छात्रों के बीच तीखी बहस हुई।
विभाग के विद्यार्थियों का कहना था कि वह किस आधार पर एचओडी के ऊपर आरोप लगा सकते हैं। जब हमें कोई आपत्ति नहीं है तो एबीवीपी किस तरह से विभाग और एचओडी के खिलाफ प्रदर्शन कर सकती है। उधर, एबीवीपी ने उप कुलपति प्रो. आर डी शर्मा से भी मिलकर विभाग के एचओडी के खिलाफ सख्त कारवाई करने की मांग की।
उसका आरोप है कि एचओडी ने ही सोशल साइट पर तस्वीरें डाली हैं। विभाग की छात्रा नेहा शिवगोत्रा का कहना है कि एबीवीपी बेवजह मामले को तूल देकर एचओडी को बदनाम करने पर तुली है। विभाग की ओर से प्राइवेट नहीं बल्कि फ्रेशर पार्टी आयोजित की गई थी जिसमें विद्यार्थियों से लेकर अन्य विभागों के विद्यार्थी भी फोटो खींच रहे थे।
इस तरह से एबीवीपी फोटो का सोशल साइट पर डाले जाने पर विवाद खड़ा करना बहुत ही निंदनीय है। विभाग की ही छात्रा तान्या सोहल ने कहा कि उसकी तस्वीर को लेकर ज्यादा बवाल खड़ा किया जा रहा है जबकि उसे अपनी तस्वीर सोशल साइट पर डाले जाने पर कोई ऐतराज नहीं है। एबीवीपी अनावश्यक रूप से विवाद उत्पन्न कर संगठन का नाम चर्चा में लाने में लगी है।