पड़ोसी देश पाकिस्तान संकट से जूझ रहा है। लोग भूख से मर रहे हैं। वहां चावल और रसोई गैस की किल्लत है। पाकिस्तान को उस पर ध्यान देना चाहिए। यह बातें मंगलवार को संवाददाताओं से बात करते हुए केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री जीके रेड्डी ने कही।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा है। यह हमारी जमीन है। हमारे लोग हैं। इसके लिए हजारों लोगों ने प्राणों की आहुति दी है। पाकिस्तान को इस बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है। हम जो कुछ करते हैं, वह अपने लोगों के लाभ के लिए करते हैं। जम्मू-कश्मीर के लोग खुश हैं, क्योंकि केंद्र सरकार उनके लिए सब कुछ कर रही है। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। मंत्री ने कहा, पाकिस्तान जो कहता है, उसे महत्व देने की कोई जरूरत नहीं है। पाकिस्तान खत्म हो गया है। हमें पाकिस्तान के बारे में सोचने की जरूरत नहीं है।
हमें जम्मू-कश्मीर के लोगों के बारे में सोचना है। पर्यटन पर केंद्र की पहल के बारे में रेड्डी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे लोकप्रिय पर्यटन राज्यों में निवेश पर चर्चा के लिए भारत एक पर्यटन शिखर सम्मेलन आयोजित करेगा। उन्होंने कहा, हमें भारत को विश्व स्तर पर नंबर एक बनाना है। निजी निवेश आवश्यक है। इसके बिना देश इतनी बड़ी आबादी और पर्यटन को नहीं बढ़ा सकता है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार चाहती है कि दुनिया भर से लोग यहां आएं और पर्यटन स्थलों को विश्वस्तरीय बनाने के लिए निवेश करें। जी20 बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी बैठकें सभी राज्यों की राजधानियों में होंगी। उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता में 56 शहरों में 250 बैठकें होंगी। इस बैठक को श्रीनगर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया था, क्योंकि ऐतिहासिक शहर है। हालांकि, कुछ सावधानियां बरतनी पड़ीं। लंबे समय बाद यहां ऐसा आयोजन हो रहा है। जम्मू-कश्मीर ने कई घटनाएं देखी हैं, वह भी अलग-अलग तरह की। जम्मू-कश्मीर में अब माहौल बहुत अच्छा है।
लोग जम्मू-कश्मीर में चाहते हैं विकास
केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी के रेड्डी ने कहा कि लोग जम्मू-कश्मीर में विकास चाहते हैं। वे शेष भारत के समान बुनियादी ढांचा, रोजगार सृजन चाहते हैं। हम जम्मू-कश्मीर को प्रगति के पथ पर ले जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के सकल घरेलू उत्पाद में पर्यटन के योगदान को दोगुना करने के कदमों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पिछले साल जम्मू-कश्मीर के सकल घरेलू उत्पाद में पर्यटन का योगदान सात प्रतिशत था। इस वर्ष इसे 15 प्रतिशत तक ले जाने पर चर्चा की जाएगी।
जी 20 की बैठक से पूरे देश को होगा लाभ
रेड्डी ने कहा जी 20 की बैठक से न केवल जम्मू-कश्मीर को बल्कि पूरे देश को लाभ होगा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की जनता और सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, आने वाले समय में श्रीनगर न केवल भारत से बल्कि दुनिया भर से पर्यटकों के लिए नंबर एक गंतव्य बन जाएगा और हम जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ इस दिशा में काम करेंगे।" पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की इस टिप्पणी पर कि भाजपा ने जी20 बैठक को हाईजैक कर लिया है, रेड्डी ने कहा कि कुछ विपक्षी दल केंद्र शासित प्रदेश में शांति नहीं चाहते हैं।
विपक्षी दल साथ नहीं दे सकते तो चुपचाप घर बैठें
केंद्रीय मंत्री ने कहा, आजादी के बाद पहली बार अब विकास के काम में तेजी आई है। विपक्षी पार्टियों से अपील है कि साथ नहीं दे सकते तो चुपचाप घर बैठिए। रोड़ा मत बनिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोई भी जम्मू-कश्मीर को शेष भारत से अलग नहीं कर सकता है। विपक्षी दलों पर यूटी के लोगों का अपमान करने का आरोप भी लगाया। कहा, विपक्षी दल यहां कानून-व्यवस्था की समस्या, आतंक की समस्या, हड़ताल, एके 47 और आरडीएक्स में शामिल लोग चाहते हैं। वे नहीं चाहते हैं कि यहां शांति हो। रेड्डी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता शांति है और वह आतंकवाद के मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस के साथ काम करेगी। हम एक साथ जम्मू-कश्मीर को विकास के पथ पर ले जाएंगे।