रियासत की दोनों राजधानियां जम्मू और श्रीनगर के अलावा उधमपुर आतंकियों के निशाने पर है। सेना को इनपुट मिले हैं कि पठानकोट हमले के बाद आतंकी इन तीनों शहरों में वारदातें कर सकते हैं। इसके बाद सेना ने एहतियात के तौर पर नौ विशेष टीमों को तीनों शहरों में तैनात कर दिया है।
सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार नौ टीमों में से तीन को कश्मीर घाटी में, दो को जम्मू में और चार को उधमपुर में रखा गया है।
सेना के उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने कहा कि सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पठानकोट हमले के बाद विशेष टीमें सैन्य स्टाइल में जवाब देने को तैयार हैं।
इन टीमों को मुख्य रूप से एयरबेस, सेना के हथियार डिपो, सेना के स्कूलों, सैन्य कार्यालयों, अस्पतालों और महत्वपूर्ण प्रशासनिक स्थानों पर तैनात किया गया है। यह वही टीमें हैं, जिन्होंने पिछले साल जून में मणिपुर में 18 सैनिकों की मौत के बाद बार्डर क्रास कर म्यांमार में आतंकियों को मारा था।