भगवती नगर में सिद्धार्थ मट्टू की मौत के बाद शहर में तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों में अजीब सी उलझन है। इस सोच को लेकर पसोपेश में हैं कि यातायात नियम का उल्लंघन करने वालों को किस तरह से रोकें और कार्रवाई करें।
इस घटना से ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली में बदलाव सा आया है। अगर कहीं पर किसी बाइक सवार को रोका जा रहा है, तो सावधानी बरती जा रही है।
एसएसपी ट्रैफिक मोहन लाल का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस में तैनात सभी कर्मचारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि कोई भी बीच रास्ते में आकर किसी बाइक सवार या अन्य वाहन चालक को जबरन नहीं रोकेगा, लेकिन इसका यह भी मतलब नहीं कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को छोड़ दिया जाएगा।
कोई भी कानून हो, वो लोगों की सुरक्षा के लिए बनाया गया है और इसे लागू करने के लिए सुरक्षा कर्मियों को। यदि कोई गलत करता है तो उस पर विभाग कार्रवाई करेगा, लेकिन उल्लंघन करने वाले को भी नहीं छोड़ा जाएगा।
उन्होंने माना कि भगवती नगर की घटना से ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी मानसिक रूप से उलझन में है। विभाग कोशिश करेगा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।