उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने आवास और शहरी विकास विभाग के अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक में संबंधित विभागों की कार्यशैली की समीक्षा की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विभागों के अधिकारियों से कहा कि वह जम्मू को स्मार्ट सिटी बनाने की क्षमता को विकसित करें। सिंह ने जम्मू विकास प्राधिकरण की कार्यशैली की समीक्षा करते हुए जेडीए को कहा कि वह अपनी कालोनियों में आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करे।
इसके अलावा जन जरूरतों और भविष्य को देखते हुए नई परियोजनाओं पर भी काम करें। उन्होंने जेडीए भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करवाने के लिए परिसीमन करने को भी कहा। उन्होंने जेडीए के वाइस चेयरमैन से कहा कि वह भूमि, अतिक्रमण से संबंधित व्यापक रिपोर्ट खासतौर से अतिक्रमण के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी सौंपे। उन्होंने कहा कि सरकार अतिक्रमण हटाने को हरसंभव मदद करेगी।
उन्होंने स्थानीय निकाय निदेशक और नगर निगम कमिश्नर से कहा कि वह संस्थाओं को आत्मनिर्भर बनाने की तरफ कदम बढ़ाए। उन्होंने विभागों के अधिकारियों से कहा कि वह साफ सफाई, स्ट्रीट लाइटों की स्थिति, अतिक्रमण हटाओ अभियान, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्रों, खाने पीने की दुकानों पर निरीक्षण आदि की मासिक रिपोर्ट सौंपे। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों के लिए विभागों को जगह की तलाश कर इसके तरीकाकार अपनाने को कहा ताकि राज्य कोष पर बोझ पड़े बिना जनता को भी सुविधा हासिल हो सकें।
उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की पर्र्याप्त निगरानी के लिए भी उचित कदम उठाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए स्टैंडर्ड प्रोसीजर को तैयार कर उसके तहत भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने को कहा। इससे पूर्व आवास और शहरी विकास सचिव विपुल पाठक ने उपमुख्यमंत्री को विभागों की कार्यशैली के बारे में जानकारी दी। इस बैठक में सिद्दड़ा के करीब क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण, पदोन्नति और वरिष्ठता से जुड़े मुद्दों, मोबाइल टावरों के लिए यूनिफार्म रेट, ठोस कचरा प्रबंधन आदि पर भी चर्चा की गई।