जम्मू शहर के रेजिडेंसी रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक फोन कॉल से स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। स्कूल प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस, सीआरपीएफ, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड की टीमें पहुंची। टीमों ने स्कूल के चारों तरफ से घेराबंदी कर कोना-कोना खंगाला।
स्कूल के सभी कमरों, मैदानों ऑडिटोरियम हॉल, स्कूली बस और परिसर की व्यापक तलाशी ली गई। स्कूल के साथ लगते मार्गों पर सुरक्षा बल की टीमें तैनात रहीं। स्कूल में इस तरह पुलिस और अन्य सुरक्षा दलों के पहुंचने से बच्चों में डर का माहौल भी बन गया। स्कूली स्टाफ और शिक्षक बच्चों के साथ ही रहे। उन्होंने बच्चों को निडर रहने के लिए प्रेरित किया।