जम्मू के सिद्दड़ा से नरवाल की तरफ आ रही थार जीप बाहु फोर्ट के पास घने कोहरे में सड़क हादसे का शिकार हो गई। थार सड़क के साथ डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में थार में सवार चार लोगों में से एक 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें पहुंची हैं। किशोरी त्रिकुटा नगर की रहने वाली थी। सड़क हादसा रविवार को सुबह छह बजे बताया जा रहा है।
शहर में इन दिनों सुबह 11 बजे तक घना कोहरा रहता है। इसमें दृश्यता काफी कम रहती है। रविवार को भी सुबह काफी घना कोहरा था। इस दौरान थार सवार चार लोग सिद्दड़ा हाईवे से नरवाल की तरफ आ रहे थे। इस बीच बाहु फोर्ट के पास थार सड़क के साथ डिवाइडर से जा टकराई और अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान बीच में बैठी 15 साल की किशोरी को गंभीर चोट पहुंचीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें पहुंची हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद बाहु फोर्ट पुलिस भी मौके पर पहुंची।
इस दौरान मृतक किशोरी के शव को जीएमसी पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार थार चालक की तरफ वाली खिड़की डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई, जिससे सामने वाला शीशा टूट गया। हादसा काफी भीषण था। पुलिस के अनुसार युवती का अंतिम संस्कार अखनूर में किया गया।