खराब मौसम के चलते बंद हुआ नेशनल हाइवे
- फोटो : PTI
रियासत में शुक्रवार को मौसम के बदले मिजाज से मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। राज्य के सभी हिस्सों में दिन का पारा सामान्य से नीचे चला गया है।
वहीं पुलिस महानिदेशक के राजेंद्र ने भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर पुलिस और एसडीआरएफ को हर स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा है। देर शाम भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर यातायात रोक दिया गया। एसएसपी ट्रैफिक के अनुसार शनिवार को स्थिति देखकर ट्रैफिक बहाल किया जाएगा।
स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में 13 सेंटीमीटर बर्फ गिरने से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। खराब मौसम के बीच देर शाम तक जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात जारी था, लेकिन लगातार बारिश की सूरत में हाईवे पर मार पड़ सकती है।
अगले 72 घंटों में कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी
अगले 72 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी
- फोटो : AMAR UJALA
मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटों में कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 17 मार्च से मौसम दोबारा करवट बदल सकता है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार सुबह से ही बादलों की गड़गड़ाहट के साथ मौसम ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया था।
श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में चापर सेवा प्रभावित हुई।जिला उधमपुर के स्योजधार के पहाड़ों पर बर्फबारी हुई। राजोरी जिला की पीर पंजाल रेंज के साथ बुद्धल, थन्नामंडी, दरहाल और कोटरंका तहसीलों के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से पारा गिर गया है।
घाटी के पर्वतीय क्षेत्रों में भी सफेद चादर बिछ गई है। उधमपुर जिला की चिनैनी तहसील में तेज बारिश हुई। भद्रवाह में शीतलहर ने दोबारा जोर पकड़ लिया है। कठुआ जिले के बिलावर, बसोहली, महानपुर आदि इलाकों में दिनभर बारिश होती रही।
मौसम में बदलाव से राज्य के सभी हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस गिर गया है। श्रीनगर में रुक रुक कर बारिश जारी थी। मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।