बुधवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग श्रीनगर से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने के साथ ही श्रीनगर में रुके ट्रक और यात्री वाहन जम्मू के लिए छोड़े गए। जवाहर सुरंग पर पड़ी भारी बर्फ साफ कर राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुबह साढ़े आठ बजे के करीब शुरू करवाई गई।
पांच बजे शाम तक वाहन हाईवे पर जम्मू की ओर आते रहे। एसएसपी ट्रैफिक (हाईवे) संजय कोतवाल के मुताबिक दो हजार ट्रक और 1500 यात्री वाहन श्रीनगर से छोड़े गए। वीरवार को सिर्फ जम्मू से श्रीनगर के लिए ट्रैफिक होगी।
बुधवार को श्रीनगर में 0.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। सुबह से शाम तक बादल छाए रहे। जम्मू में दिनभर सुबह से ही मौसम साफ रहा, जिससे यहां का अधिकतम तापमान में सामान्य (21 डिग्री) से एक डिग्री तक इजाफा हो गया। जम्मू संभाग के किसी क्षेत्र में ताजा बर्फबारी नहीं हुई और मौसम साफ बना रहा।
राज्य का सबसे अधिक ठंडा कारगिल क्षेत्र
राजोरी जिले में भी मौसम साफ रहा, लेकिन महीने से बंद पड़े मुगल रोड पर दस फुट से अधिक बर्फ है। बुद्धल, थन्नामंडी, कंडी, दरहाल इलाके में शीतलहर का प्रकोप है। भद्रवाह में ताजा बर्फ नहीं पड़ी, जबकि भद्रवाह से संपर्क सड़क बंद रही।
पत्नीटाप और नत्थाटाप में हुई बर्फबारी से मौसम साफ होते ही पर्वतीय शिखर चमकने लगे हैं, जबकि कठुआ जिले के बनी-भद्रवाह तथा बनी डग्गर संपर्क मार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा, जिससे यात्री वाहन नहीं चले।
उधर, राज्य का सबसे अधिक ठंडा कारगिल क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान माइनस 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जबकि लेह का अधिकतम तापमान1.0 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
श्रीनगर का अधिकतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू का अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।