फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu Kashmir: प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी, तीन जून तक बिगड़ा रहेगा मौसम

Thu, 01 Jun 2023 12:09 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

मौसम के बदले मिजाज से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के पारे में सामान्य से 12 से 16 डिग्री तक गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 3 जून तक जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहेगी।
विज्ञापन
जम्मू के नगरोटो में श्रीनगर जाने वाले वाहनों को रोका गया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को भी मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में सफेद चादर बिछने के साथ मैदानी इलाकों में पानी बरसा है। जम्मू संभाग के भी अधिकांश हिस्सों में इंद्रदेव मेहरबान बने हुए हैं। रामबन में कई जगह पस्सियां गिरने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग गुरुवार को एक बार फिर हाईवे ठप हो गया है। 

विज्ञापन


इससे हाईवे पर विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। उन्हें निकालने के लिए ट्रैफिक विभाग की तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं। बारिश से सुबह कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा बाधित रही। मौसम के बदले मिजाज से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के पारे में सामान्य से 12 से 16 डिग्री तक गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 3 जून तक जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहेगी।

विश्वविख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग के साथ कुपवाड़ा के पर्वतीय क्षेत्र में बर्फबारी हुई है। राजधानी श्रीनगर समेत घाटी के अन्य हिस्सों में बारिश जारी रही। यहां दिन का तापमान सामान्य से 11.0 डिग्री गिरकर 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विज्ञापन


पहलगाम में दिन का तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री गिरकर 13.4 और गुलमर्ग में सामान्य से 8.0 डिग्री गिरकर 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किश्तवाड़ के सिंथन टाप मार्ग पर बर्फबारी हुई है। कठुआ में रात से रुक-रुक बारिश जारी।

बनी तहसील के पंचायत संधि मोहड़ा काकली में एक मकान के आसपास की मिट्टी धंस गई।उधर, राजोरी-पुंछ जिले में भी बारिश जारी है। पहाड़ों पर बर्फबारी भी हुई है। उधमपुर, सांबा में भी बारिश से ठंडक बढ़ी है। सिंथनटॉप में डेढ़ से दो फुट बर्फबारी हुई है।

यहां छह वाहन भी फंस गए। जम्मू में दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई। दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी जारी रही। यहां दिन का तापमान सामान्य से 15.9 डिग्री गिरकर 23.5 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बनिहाल में दिन का तापमान सामान्य से 13.2 डिग्री गिरकर 14.4, बटोत में सामान्य से 13.5 डिग्री गिरकर 14.5, कटड़ा में सामान्य से 15.4 डिग्री गिरकर 20.5 और भद्रवाह में सामान्य से 10.8 डिग्री गिरकर 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

स्थान बारिश (मिलीमीटर)

  • बनिहाल 39.2
  • बटोत 43.2
  • कटड़ा 29.4
  • भद्रवाह 25.8
  • श्रीनगर 10.4
  • काजीकुंड 19.6
  • पहलगाम 15.5
  • गुलमर्ग 12.2
  • जम्मू 12.5
  • कुपवाड़ा 10.1
  • कोकरनाग 18.8
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें