रियासत में मंगलवार को मानसून की पहली जोरदार बारिश ने राहत से साथ आफत मचाई। रामबन के कई हिस्सों में पहाड़ों से गिरते पत्थरों और भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग चार घंटे बंद रहा। इससे घाटी की ओर से जम्मू आने वाले कई अमरनाथ यात्रियों के वाहन भी घंटों फंसे रहे।
इस बीच उधमपुर जिला मुख्यालय से पांच किमी. दूर खैरी और अंबिहार में भी भूस्खलन से हाईवे प्रभावित रहा। सड़क पर चट्टानें आ जाने से उधमपुर जिला मुख्यालय से पंचैरी और मोंगरी तहसील का संपर्क कट गया है। धुंध और बारिश से कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा ठप रही। चिनैनी और पट्टनगढ़ के बीच पड़ते राजी नाले के तेज बहाव में एक वैन बह गई।
इसमें चालक को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। चिनैनी के ही डुडू चौकी के अंतर्गत पंचोढ़ नाले में तेज बहाव में एक बुजुर्ग और छात्रा के बहने की आशंका है। नाले के किनारे कपड़े, जूते और कंबल मिला है। जिला कठुआ का बनी-बसोहली मार्ग बंद हो गया है। भारी बारिश से बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा है। इससे पानी की सप्लाई भी प्रभावित है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार बुधवार को भी जम्मू और कश्मीर के कई इलाकों में बारिश हो सकती है।