जम्मू-कश्मीर में हो रही ताजा बर्फबारी
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर में मौसम के बदले मिजाज की मार शुक्रवार को भी जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ी। उधमपुर जिले के खैरी के अलावा रामबन व बनिहाल के बीच के कई हिस्सों में पत्थर गिरने से राजमार्ग पर आवाजाही रोक दी गई है। जिससे दूसरे दिन भी सैकड़ों गाड़ियां राजमार्ग पर खड़ी हैं।
इस बीच पहले से जारी बारिश और बर्फबारी के बीच कुछ जगह ओले भी गिरे हैं। श्री माता वैष्णो देवी की त्रिकुटा पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है। बारिश और धुंध के कारण सुबह कुछ उड़ानों के बाद कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा बाधित रही। शुक्रवार को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
राजमार्ग के खैरी क्षेत्र में गिरे पत्थरों को गुरुवार देर शाम हटाकर भद्रवाह, किश्तवाड़, पटनीटॉप और डोडा जाने वाले वाहनों को छोड़ा गया लेकिन घाटी के लिए यातायात बंद रहा। कश्मीर की ओर जाने वाले सैकड़ों वाहन जगह-जगह रोके गए हैं।
इस बीच जम्मू और राजोरी में दिनभर रुक-रुक कर बारिश के साथ ओले भी गिरे। यहां दिन का तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री गिरकर 21.0 डिग्री दर्ज किया गया। संभाग में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बनिहाल सबसे ठंडा रहा।
श्रीनगर समेत कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हुई। जवाहर टनल और नत्थाटाप के पर्वतीय क्षेत्रों के अलावा पीरपंजाल की पहाड़ियों, गुलमर्ग और टंगमार्ग में बर्फबारी हुई।
स्थान न्यूनतम तापमान (गुरुवार)
जम्मू 21.0
कटड़ा 10.02
बटोत 3.6
भद्रवाह 2.1
बनिहाल 1.2
श्रीनगर 11.8
पहलगाम 2.4
कारगिल - 4.4
लेह -1.0
गुलमर्ग -2.2