संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। कश्मीरी पंडित प्रीमियर लीग प्रतियोगिता जारी है। मंगलवार को तीसरे दिन एमए स्टेडियम जम्मू में दो मुकाबले खेले गए। इसमें भद्रकाली क्रिकेट क्लब और टाइटंस इलेवन ने जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई है।
दिन का पहला मुकाबला भद्रकाली क्रिकेट क्लब और भोलेनाथ क्रिकेट क्लब के बीच हुआ। टॉस जीत कर भद्रकाली क्रिकेट क्लब ने बल्लेबाजी चुनी और निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 141 रन बनाए। इसके साथ ही जीत के लिए 142 रन का लक्ष्य दिया। टीम के लिए विशु ने 77 (नाबाद) और विनोद कौल में सर्वाधिक 41 रन का योगदान दिया। भोलेनाथ क्रिकेट क्लब के गेंदबाज सुशील और अनिल पंडिता ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोलेनाथ क्रिकेट क्लब की टीम 20 ओवर में 137 रन ही बना पाई और चार रन से मुकाबला हार गई। टीम के लिए सर्वाधिक सागर पंडिता ने 55 रनों की पारी खेली।
भद्रकाली क्रिकेट क्लब के लिए गेंदबाज राकेश दास ने तीन, सुनील जल्ला व रवि तुर्की ने दो-दो विकेट हासिल किए।
दूसरा मुकाबला टाइटंस इलेवन और रॉयल क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। टाइटंस इलेवन ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी चुनी। 20 ओवर में आठ विकेट पर 108 रन बनाए और जीत के लिए 109 रन का लक्ष्य दिया।
टीम के लिए पारस सफाया ने 21 और साहिल पंडिता ने 20 रनों की पारी खेली। रॉयल क्रिकेट क्लब की ओर से अक्की और अर्श रैना ने दो-दो विकेट हासिल किए। दूसरी पारी में रॉयल क्रिकेट क्लब की टीम की पारी 18.2 ओवर में 98 रन पर ही सिमट गई। इसके साथ ही 10 रन से मुकाबला हार गई। टीम के लिए नीलेश ने सर्वाधिक 20 रनों की पारी खेली। टाइटंस इलेवन की ओर से साहिल पंडिता और पारस सफाया ने क्रमश: तीन-तीन विकेट हासिल किए।