एसडीपीओ और एसएचओ बॉडी ब्राह्मणा के नेतृत्व में दबिश, 11 बाइकें और एक तेजधार हथियार बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पुलिस ने बाड़ी ब्राह्मणा के नशा हॉटस्पॉट बलोल खड्ड इलाके में दबिश देकर एक महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, उनके कब्जे से 11 बाइकें और एक तेजधार हथियार बरामद हुआ है।
एसडीपीओ और एसएचओ बॉडी ब्राह्मणा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत मादक पदार्थ नेटवर्क को समाप्त करने के लिए कार्रवाई की गई। सुबह लगभग सात बजे दबिश दी गई। इसके अलावा गुज्जरों के डेरों की तलाशी के दौरान एक तेजधार हथियार (टोका) बरामद किया।
गिरफ्तार लोगों की पहचान मस्कीन अली निवासी राजबाग (कठुआ), जाहिद जावेद निवासी छन्नी रामा (जम्मू), फ्तेह मोहम्मद, मजीद, बरकत अली और एक महिला मानी बीबी सभी निवासी बलोल खड्ड के रूप में हुई है।
इसी क्षेत्र के नशा तस्करों ने नौ अप्रैल को पुलिस पार्टी पर हमला किया था। इसमें एसएचओ और एसआई घायल हुए थे। इलाके में चिट्टा तस्करी को लेकर बड़े स्तर पर विरोध के बाद पुलिस कार्रवाई लगातार जारी है। इस संदर्भ में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।