आरएसपुरा: प्रदर्शन व विलाप करते परिजन
- फोटो : संवाद
जम्मू के आरएसपुरा में शादी समारोह में झड़प के बाद रमन की मौत हो गई थी। सोमवार को जब रमन का पार्थिव शरीर मीरा साहिब के गांव मलकपुर में पहुंचा तो चीख पुकार मच गई। परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने शव को जम्मू-आरएसपुरा सड़क पर रखकर मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी रमन के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि इस हत्या के दोषियों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए। इसके साथ ही मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और आजीविका के लिए उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। वे लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, लोगों का कहना है कि जब तक जम्मू जिला उपायुक्त मौके पर पहुंच कर लिखित में उनकी मांगों पर आश्वसन नहीं दे देंगी वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
शनिवार को आरएसपुरा में एक शादी समारोह के दौरान झड़प हो गई थी। आरोप है कि समारोह में 30 से 35 लोगों ने रमन की पिटाई कर दी। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान रमन की मौत हो गई थी। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की मामले में तफ्तीश जारी है।