यूनिवर्सिटी रोड के किनारे पांचवीं बार खोदाई, अब बिछाई जाएगी टेलीफोन केबल
एक काम पूरा होते ही दूसरे की खोदाई शुरू होने का खामियाजा भुगत रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। यूनिवर्सिटी रोड के किनारे पांचवीं बार खोदाई शुरू हो गई है। अब यहां टेलीफोन केबल बिछाई जाएगी। बार-बार की जा रही खोदाई विभागों के बीच समन्वय की कमी को उजागर कर रही है। 2022 से अब तक इससे 111 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
इससे पहले इसी रोड पर नाला निर्माण, टाइल्स बिछाने, टेलीफोन केबल बिछाने और नालियों को गहरा करने के लिए खोदाई की जा चुकी है। लगातार हो रही खोदाई के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, बारिश के दिनों में स्थिति और भी बिगड़ जाती है। हालांकि इस समस्या के समाधान के लिए गति शक्ति पोर्टल की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसमें विभिन्न विभागों को समन्वित किया जाना है। लेकिन प्रदेश में अभी तक इस पर प्रभावी ढंग से काम नहीं हो पाया है। समन्वय के अभाव में हर साल करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है।
111 करोड़ हो चुके हैं अतिरिक्त खर्च
2021 से लेकर 2024 तक नगर निगम को 615 करोड़ काम के लिए स्वीकृत हुए। इसमें अभी तक 513 करोड़ रुपये ही खर्च हुए। 107 करोड़ नगर निगम को रास्ते दोबारा बनाने के लिए खर्च करने पड़े। इसी तरह सीवरेज लाइन के लिए विभाग को 22 करोड़ रुपये मंजूर हुए थे, जिनमें से 18 करोड़ काम पर और चार करोड़ नुकसान की भरपाई पर खर्ज हुए।
इन कार्यों से बिगड़ चुका है शहर का स्वरूप
सीवरेज लाइन कार्य
नगर निगम के विकास कार्य
स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्य
जलशक्ति विभाग के कार्य
बिजली निगम की अंडरग्राउंड तारों का कार्य
विभिन्न कार्यों को समन्वित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। केवल आवश्यक कार्य ही किए जा रहे हैं। एक बार कार्य पूरा हो जाने के बाद यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है कि उस स्थान पर पुनः खोदाई न हो।
राजेश अबरोल, महाप्रबंधक, स्मार्ट सिटी परियोजना।