जम्मू संभाग के दो गंडोला प्रोजेक्ट अभी भी अधर में हैं। जम्मू का पीरखो से लेकर महामाया तक और पत्नीटाप में लगने वाला गंडोला प्रोजेक्ट अभी भी अधर में लटका है। कुद के टमाटर मोड़ से संगोत और वहां से पत्नीटाप करलाह तक बनने वाले गंडोला प्रोजेक्ट पर ठोस कदम नहीं उठ सका।
प्रोजेक्ट के मुताबिक करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबा गंडोला तैयार करने में 55 करोड़ की लागत आएगी। जम्मू संभाग के दोनों गंडोला प्रोजेक्ट को लेकर नई सरकार से उम्मीदें जग रही हैं। जानकारी के मुताबिक जम्मू केबल कार गंडोला प्रोजेक्ट चालीस करोड़ की लागत से तैयार करने की योजना है।
स्टेट प्लान के तहत हुई फंडिंग के आधार पर गंडोला केबल कार प्रोजेक्ट द्वारा जम्मू जिला प्रशासन को करीब आठ करोड़ की राशि भूमि अधिग्रहण के लिए दी गई है, ताकि पीरखो और महामाया क्षेत्र में गंडोला के फाउंडेशन की सीमा में आ रही जमीन का मुआवजा देकर उसका अधिग्रहण कर काम आरंभ करवाया जाए।
वन विभाग को फारेस्ट लैंड की अड़चन दूर करने के लिए चार करोड़ की राशि दी गई है। पावर डेवलपमेंट डिपार्टमेंट को भी डेढ़ करोड़ दिया गया है, ताकि बिजली संबंधी कार्य सुचारु हो सकें, जबकि दामोदर रोपवेज कोलकाता को भी इस गंडोला प्रोजेक्ट के तहत कांट्रैक्ट के रूप में करीब एक करोड़ दो लाख की राशि दी गई है।
प्रोजेक्ट को लेकर चालीस करोड़ की राशि में करीब 15 करोड़ कई मदों में भुगतान किए गए हैं, लेकिन अभी तक गंडोला प्रोजेक्ट पर काम शुरू नहीं हो सका है। करीब चार साल पुराने प्रोजेक्ट पर अभी तक आधारशिला ही रखी गई है।
उल्लेखनीय है कि पीरखो से लेकर महामाया तवी पर 453 मीटर लंबा केबर कार गंडोला के निर्माण की योजना है। इस संबंध में एमडी, केबल कार प्रोजेक्ट तुफैल मट्टू का कहना है कि विभिन्न मदों के अंतर्गत करीब 15 करोड़ की राशि का भुगतान किया गया, ताकि तवी के पीरखो और महामाया के बीच गंडोला का प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो सके।