पानी की समस्या को लेकर जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर ईस्ट कॉलोनी में रहने वाले लोग वंदे भारत को रोकने के लिए पहुंच गए। लोग नारेबाजी करते हुए पटरी पर आ गए। ऐसे में कुछ देर के लिए ट्रेन को रोकना पड़ गया।
बढ़ती गर्मी के साथ ही पानी की समस्या लोगों को परेशान करना शुरू कर गई है। इसी बीच गुरुवार को पानी की समस्या को लेकर जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर ईस्ट कॉलोनी में रहने वाले लोग वंदे भारत को रोकने के लिए पहुंच गए। लोग नारेबाजी करते हुए पटरी पर आ गए। ऐसे में कुछ देर के लिए ट्रेन को रोकना पड़ गया।
विज्ञापन
आनन-फानन जीआरपी के जवान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन प्रदर्शनकारी पानी की समस्या को लेकर नारेबाजी करते रहे।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे सभी रेलवे ईस्ट कॉलोनी में रहते हैं। पिछले कई दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है। इसके बारे कई बार अधिकारियों को बताया गया, लेकिन समस्या के बार-बार बताए जाने के बाद भी हल न होने पर आज उन्हें ट्रेन रोकने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
विज्ञापन
लोगों ने दिल्ली से कटड़ा के लिए आ रहे वंदे भारत ट्रेन को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर आने से पहले ही रोक दिया। ट्रैक पर लोगों की मौजूदगी के बाद बड़ी संख्या में जीआरपी आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोगों को समझाकर ट्रैक से हटाया गया।